कोरबा , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में एक महिला को देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि बांधापारा निवासी एक दंपती के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी बीच पति ने अपने मित्र राजेश दुबे (43) को विवाद की जानकारी दी। शुक्रवार रात आरोपी राजेश दुबे कथित रूप से कट्टा और कारतूस लेकर अपने दोस्त के घर पहुंचा और घर में घुसते ही महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसने महिला के साथ मारपीट भी की।

घटना से घबराई महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जटगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूलतः उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले का निवासी है और करीब 10 वर्ष पूर्व अवैध हथियार के साथ कोरबा आया था, जिसे वह अब तक अपने पास रखे हुए था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी ने घरेलू विवाद में हस्तक्षेप करते हुए महिला को हथियार दिखाकर धमकाया, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस ) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि "सजग कोरबा - सतर्क कोरबा" अभियान के तहत अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है और आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित