कोरबा , अप्रैल 24 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शुक्रवार को पंडित दीनदयाल कुंज, टीपी नगर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर अपनी "संकीर्ण और महिला-विरोधी मानसिकता" को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है लेकिन विपक्ष ने इसे रोककर मातृशक्ति के अधिकारों के साथ अन्याय किया।
इसी दौरान हाल ही में कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता का भी जिक्र किया गया, जिसमें पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मंत्री लखनलाल देवांगन पर गंभीर आरोप लगाए थे। श्री अग्रवाल ने आरोप लगाया था कि मंत्री के परिजन कोहड़िया क्षेत्र में चेंबर खोलकर रेत, राखड़ और कोयला ठेकेदारी से जुड़ी वसूली कर रहे हैं।
इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कैबिनेट मंत्री देवांगन ने कहा कि मुद्दों से भटकी कांग्रेस अब निजी आरोपों पर उतर आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी किसी के परिवार पर व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाए हैं।
श्री देवांगन ने कहा कि उनके निवास पर आम जनता की आवाजाही रहती है और सभी को वास्तविक स्थिति की जानकारी है। उन्होंने पूर्व मंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अपने कार्यकाल जैसी स्थिति सभी जगह मानकर चल रहे हैं। साथ ही मंत्री ने मीडिया से अपील की कि वे श्री अग्रवाल के "शीश महल" का भी अवलोकन करें।
प्रेस वार्ता के बाद जिले की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित