कोरबा , मई 06 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नशे में वाहन चलाने का मामला सोमवार देर रात सामने आया है। जहां कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में एक कार चालक ने शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रेलर को टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर नाले में घुस गयी। घटना में आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज किया है तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इधर, कोरबा पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते दो दिनों में कुल 68 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहन चालक शामिल हैं। जांच के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शराब के सेवन के बाद वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित