कोरबा, जनवरी 12 -- ) छत्तीसगढ़ में कोरबा नगर निगम क्षेत्र के दादर-ढेलवाडीह मुख्य मार्ग पर बीती देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने करीब 21 बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे दादर, ढेलवाडीह और रापाखर्रा गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे ढेलवाडीह निवासी राधेराव कश्यप ने बताया कि वह अपने कमरे में सो रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज और शॉर्ट सर्किट की चिंगारियों से नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो सड़क पर बिजली के तार बिखरे पड़े थे, खंभे टूटे हुए थे और सड़क किनारे लगे पेड़ भी क्षतिग्रस्त हो चुके थे। ट्रेलर चालक वाहन को तेज गति से भगाते हुए आगे निकल गया।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर मानिकपुर चौकी क्षेत्र में चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण आनंद तिर्की ने बताया कि वाहन चालक की भारी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
वहीं ग्रामीण सियाराम ने बताया कि घटना के बाद तीन गांवों में अंधेरा छा गया, जिससे ग्रामीणों को रातभर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि ढेलवाडीह, दादर और नकटीखार मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। राखड़ से लदे वाहन दिन-रात तेज रफ्तार में दौड़ रहे हैं और जिला प्रशासन के नियमों को खुलेआम ठेंगा दिखा रहे हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राखड़ वाहन गांव और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से राखड़ डंप कर रहे हैं, जो पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित