कोरबा , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-बिलासपुर मार्ग पर कसनिया मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गयी, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रवेश यादव अपने दो दोस्तों के साथ शनिवार देर शाम कटघोरा के आगे सुतर्रा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात तीनों युवक वापस दर्री लौट रहे थे। इसी दौरान कसनिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान प्रवेश यादव की मौत हो गई। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है।
मृतक के भाई प्रमोद यादव ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भी स्थिति गंभीर बनी रही और रविवार को प्रवेश ने दम तोड़ दिया। फिलहाल अन्य घायलों को किस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुलिस ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच संबंधित थाना को सौंप दी जाएगी। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित