कोरबा , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गई तीन नाबालिग सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां कक्षा पहली की छात्राएं थीं।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मृत बच्चियों की पहचान नुनेरा गांव निवासी इंदु अगरिया (7) , राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों किसान परिवार से थीं और आपस में सहेलियां थीं।
बताया गया है कि गुरुवार को तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं। परिवार के सदस्य काम पर गए हुए थे। इसी दौरान तीनों दोपहर में गांव के तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन काम से लौटे तो बच्चियां घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान एक ग्रामीण तालाब के पास पहुंचा, जहां मेड़ पर बच्चियों के चप्पल और कपड़े पड़े मिले। इसी दौरान इंदु का शव तालाब के पानी में तैरता दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से इंदु का शव बाहर निकाला। इसके बाद राखी और साधना की तलाश के लिए तालाब में अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव भी पानी से बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान एक बच्ची के गहरे पानी में डूबने पर उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों बच्चियां भी पानी में उतरी होंगी और हादसे का शिकार हो गईं। हालांकि घटना के समय तालाब पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक बच्ची का शव तालाब के पानी में तैरता मिला। इसके बाद बाकी दो बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव भी बरामद कर लिए गए। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
तीनों बच्चियों की एक साथ मौत से नुनेरा गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित