कोरबा , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ठेका मजदूरों का आंदोलन लगातार बढ़ता जा रहा है। एनटीपीसी और एसईसीएल में कार्यरत मजदूरों ने वेतन और ओवरटाइम भुगतान की मांग को लेकर काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को एनटीपीसी प्लांट में बड़ी संख्या में ठेका मजदूर गेट नंबर-2 पर एकत्रित हुए और काम बंद करने का एलान किया। मजदूरों की इस एकजुटता से प्रबंधन सकते में आ गया है।
बताया जा रहा है कि एनटीपीसी में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के ठेका मजदूर अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। वहीं आज मजदूरों ने भुगतान स्लिप और एसपीसी रेट लागू करने की मांग को लेकर किसान सभा के नेतृत्व में गेवरा स्थित महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया और गेट के बाहर जमकर नारेबाजी की।
गौरतलब है कि इससे पहले अडानी पावर और बालको के पावर प्लांट में भी ठेका मजदूरों ने समान मांगों को लेकर काम बंद हड़ताल की थी, जिसे बाद में समझाइश के बाद समाप्त कर दिया गया था। अब आंदोलन का दायरा बढ़ते हुए एनटीपीसी और एसईसीएल तक पहुंच गया है।
फिलहाल प्रबंधन और मजदूरों के बीच किसी भी तरह की वार्ता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और तनावपूर्ण होने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित