कोरबा , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार दोपहर बाँकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुतर्रा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर स्थित एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जो गोदाम में रखे टायरों तक पहुंच गई। टायरों में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया। आग के कारण क्षेत्र में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास के मकानों और दुकानों से लोग बाहर निकल आए। आग की तीव्रता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की दो गाड़ियों के पहुंचने तक स्थानीय लोग आग बुझाने का प्रयास करते रहे लेकिन टायर में लगी आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
आग की चपेट में पास में खड़ा एक ट्रेलर वाहन भी आ सकता था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते हटा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग के चलते कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि संबंधित ट्रांसफार्मर की स्थिति पहले से ही खराब थी और अधिक लोड के कारण शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने विद्युत विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदलने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।
फिलहाल बाँकी मोंगरा पुलिस एवं प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित