कोरबा , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत 12वीं कक्षा के एक छात्र ने आज फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान 17 वर्षीय उज्जवल डनसेना उर्फ ध्रुव के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्र परीक्षा देने स्कूल नहीं पहुंचा था। इस पर स्कूल के शिक्षक उसके घर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां कमरे के भीतर छात्र पंखे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटनास्थल से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में मृतक ने अपनी मृत्यु के बाद शव को मेडिकल कॉलेज को दान करने की इच्छा व्यक्त की है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट की लिखावट व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित