कोरबा , अक्टूबर 18 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नवरात्रि के दौरान चलती कार पर तीन युवतियों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वीडियो में एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई, जबकि दो अन्य युवतियां दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर नृत्य करती दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने संबंधित युवतियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर इलाके का है। नवरात्रि के अवसर पर सजी सड़क पर काले रंग की चलती कार में तीन युवतियों ने जोखिम भरे अंदाज में वीडियो बनाया। गरबा की वेशभूषा पहने एक युवती कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही है, जबकि अन्य दो युवतियां वाहन के दोनों ओर दरवाजों पर लटककर नृत्य कर रही हैं। इस दौरान कार सड़क पर लगातार आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।

युवतियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर 'जस्ट चील चील चील' गाने के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया, 'फ्रीडम' उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।" वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस तरह की गतिविधि को यातायात सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान की। वीडियो में कार का पंजीयन क्रमांक स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में एक काले रंग की कार के बोनट और दोनों दरवाजों पर तीन युवतियां बैठी हुई थीं। कार चल रही थी और इस तरह खतरनाक परिस्थितियों में वाहन चलाकर लोगों की जान को जोखिम में डाला जा रहा था।

उन्होंने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। संबंधित युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए युवाओं से सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से न केवल स्टंट करने वालों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित