कोरबा , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के वन मंडल कटघोरा अंतर्गत केंदई रेंज में करंट की चपेट में आने से एक मादा भालू और उसके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।

वन विभाग से शुक्रवार को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जंगल में पेड़ की टहनी गिरने से 11 केवी का बिजली तार टूट गया, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

घटना ग्राम सलाईगोट के आसपास की बताई जा रही है, जहां ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर खेत की ओर जाते समय तीनों मृत भालुओं को देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। ग्रामीणों के मुताबिक बिजली लाइन जंगल के बीच से गुजर रही थी और तार पर पेड़ की भारी टहनी गिरने से खंभे में अर्थिंग हो रही थी, जिससे क्षेत्र में करंट प्रवाहित हो रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद होने के बावजूद तार में करंट बना हुआ था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने इस घटना के लिए संबंधित विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए बिजली लाइनों के रखरखाव पर सवाल उठाए हैं।

वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आदेश जारी किए गए हैं।

केन्द्रीय वन परिक्षेत्र (सामान्य) ने भी इस मामले में वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पारेषण कंपनी के अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित