कोरबा , मई 01 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित बांधाखार विद्युत संयंत्र में गुरुवार रात एक बड़े हादसे में 300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। धमाके की आवाज आसपास के इलाकों में सुनाई दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही संयंत्र में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने प्रबंधन और दमकल विभाग को तत्काल अलर्ट किया। इसके बाद चाकाबूड़ा स्थित एसीबी संयंत्र से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दमकल कर्मियों को आग बुझाने में करीब दो घंटे से अधिक का समय लगा, हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हादसे के कारण संयंत्र की 300 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रबंधन द्वारा घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित