कोरबा , मई 05 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित रिसदी वन विभाग की चिड़ियाघर नर्सरी में मंगलवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
यह घटना आज शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जब अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटों में घिरकर छोटे-बड़े कई पेड़ जलकर खाक हो गए। घटनास्थल से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बिना दमकल संसाधनों के स्थानीय स्तर पर ही इसे बुझाने का प्रयास किया जाता रहा।
इस घटना से नर्सरी में मौजूद पशु-पक्षियों के जीवन पर भी खतरा मंडराने लगा, हालांकि उनके नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आग असामाजिक तत्वों द्वारा लगाई गई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इस नर्सरी क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित