कोरबा , अप्रैल 09 -- ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में 24 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा हादसा सामने आया है। नीलकंठ कंपनी में कार्यरत एक भारी भरकम डंपर गुरुवार अचानक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरा जिससे चालक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल चालक की पहचान भीम पटेल, निवासी सोनपुरी के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि सेफ्टी के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसके चलते लगातार हादसे हो रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे महज 24 घंटे पहले भी कुसमुंडा खदान में एक डंपर स्लाइड होकर नीचे गिर गया था। लगातार हो रही घटनाओं से खदान में कार्यरत कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

हादसे के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित