कोरबा , मार्च 05 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र अंतर्गत कुदमुरा उपार्जन केंद्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जंगली हाथी के हमले में मंडी प्रभारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल देर रात लगभग दो बजे उपार्जन केंद्र कुदमुरा समिति कोरकोमा में यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो रजगामार का निवासी बताया जा रहा है। धान चोरी की लगातार घटनाओं को देखते हुए राजेश अपनी पत्नी के साथ उपार्जन केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे और केंद्र की देखरेख कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि देर रात अचानक एक जंगली हाथी उपार्जन केंद्र परिसर में घुस आया और झोपड़ी पर हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रही।

घटना की सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। मौके पर वन अमला पहुंचकर जांच में जुट गया है। ग्रामीणों में हाथी की मौजूदगी को लेकर भय व्याप्त है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

वन विभाग द्वारा हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा आगे किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित