कोरबा , अप्रैल 20 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार को केमिकल से भरे एक टैंक के अचानक फट जाने से अफरा-तफरी मच गयी। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित फैक्ट्री में बाहर से टैंकरों के माध्यम से लिक्विड केमिकल लाकर टैंकों में संग्रहित किया जाता है, जिसके बाद कार्बन निर्माण की प्रक्रिया की जाती है। घटना के दौरान टैंक फटने से गर्म लावा जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी की दमकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दो टैंकर पानी तथा फायर फोम के छिड़काव से स्थिति पर काबू पाया। सीएसईबी के दमकलकर्मी धर्मेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से आग और फैलने से रोक ली गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना सक्ती जिले के वंदना पावर प्लांट जैसी बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी, लेकिन समय पर राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, इस घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। आरोप है कि औद्योगिक सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। फैक्ट्री परिसर के बाहर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड या सुरक्षा निर्देश भी प्रदर्शित नहीं किया गया था, जिससे स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित