कोरबा , मई 02 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना मड़वारानी केबिन के पास की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक रात के समय किसी यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने के कारण खंभे से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते पहन रखे थे। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आसपास के गांवों और व्हाट्सएप के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित