कोरबा , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित निहारिका क्षेत्र के एक चाइल्ड केयर अस्पताल में आज ऑक्सीजन सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अस्पताल स्टाफ की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉक्टर हरीश नायक के चाइल्ड केयर सेंटर में ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम से जुड़े एक सिलेंडर में अचानक लीकेज होने के बाद आग लग गई। जिस कमरे में यह घटना हुई, वहां उस समय लगभग 14 से 16 छोटे बच्चे भर्ती थे। आग लगते ही बच्चों के परिजनों और अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉक्टर मानस नायक ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्टाफ ने अग्नि सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करते हुए आग पर काबू पा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मरीज या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी एस. एन. केसरी ने कहा कि नर्सिंग एक्ट के तहत अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन आवश्यक है। उन्होंने प्रबंधन को नियमित रूप से उपकरणों की जांच और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित