कोरबा , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में रविवार को एक कोयले से भरे एक ट्रेलर वाहन में अचानक आग लग जाने से अफरा तफरी मच गई।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना कुसमुंडा खदान के गोदावरी फेस क्षेत्र में हुई, जहां सोनू-मोनू कंपनी का कोयला परिवहन कर रहा ट्रेलर अचानक धू-धू कर जलने लगा। प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। आगजनी के चलते खदान के उस मार्ग पर कोयला परिवहन कुछ समय के लिए बाधित रहा।

बताया जा रहा है कि मौके पर तत्काल अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी भी सामने आई है, जिससे कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस खदान में पहले भी इस तरह की आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं।

फिलहाल आग पर काबू पाने की कार्रवाई जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित