रायपुर , अक्टूबर 06 -- छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) की ओर से न्यायालय में पेश पूरक चालान में चर्चित कवि डॉ. कुमार विश्वास को एक कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये के भुगतान का उल्लेख किया गया है।

जांच एजेंसी का दावा है कि इस राशि का भुगतान कोयला घोटाले से जुड़ी रकम से किया गया था।

ईओडब्ल्यू के आरोपपत्र में दर्ज विवरण के अनुसार कांग्रेस शासनकाल के दौरान राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें देश के कई चर्चित कवियों को आमंत्रित किया गया था। जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों के आधार पर एजेंसी ने दावा किया है कि कार्यक्रम से संबंधित खर्च का भुगतान कोयला घोटाले से जुड़ी राशि से किया गया।

आरोपपत्र में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और कोयला घोटाले के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई चैट को भी इस लेनदेन से जोड़ते हुए शामिल किया गया है। ईओडब्ल्यू ने इसी आधार पर भुगतान से संबंधित जानकारी अपने पूरक चालान में दर्ज की है।

आरोपपत्र के पेज नंबर 66 में कवि कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख है। हालांकि उपलब्ध विवरण में कवि सम्मेलन में शामिल अन्य कवियों को किए गए भुगतान का उल्लेख नहीं है। चार्जशीट में विशेष रूप से कुमार विश्वास को 25 लाख रुपये दिए जाने की बात दर्ज की गई है।

यह मामला खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान आयोजित कुमार विश्वास के 'हमर भांचा राम' कार्यक्रम से भी जुड़ा बताया गया है। उस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कार्यक्रम को लेकर निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी। भाजपा ने दावा किया था कि शासन रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दे रहा, जबकि कांग्रेस की ओर से आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम को अनुमति दी गई है।

उल्लेखनीय है कि ईओडब्ल्यू की ओर से सोमवार को कोयला घोटाला मामले में पूरक चालान पेश किया गया था। इसमें जांच के दौरान सामने आए विभिन्न लेनदेन और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका का विवरण शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित