रायपुर , जुलाई 17 -- छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला एवं शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस नेता एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की पुलिस रिमांड अदालत ने पांच दिन और बढ़ा दी है। इसके साथ ही वह अब 22 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की हिरासत में रहेंगे।

रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने रिमांड अवधि बढ़ाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पूछताछ को आगे बढ़ाने के लिए ईओडब्ल्यू ने अदालत से अतिरिक्त पांच दिन की पुलिस रिमांड का अनुरोध किया था, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले अग्रवाल नौ दिनों तक की रिमांड पर रह चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को सबसे पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसी प्रकरण में पूछताछ के दौरान आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में जांच एजेंसी दोनों मामलों को लेकर उनसे समानांतर पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान ईओडब्ल्यू घोटालों से जुड़े वित्तीय लेनदेन, अन्य आरोपियों की भूमिका तथा दस्तावेजी साक्ष्यों के संबंध में रामगोपाल अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित