मुंबई, अगस्त 27 -- शहूर ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा अपने पॉडकास्ट 'गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज' के नए सीजन के साथ लौट आए हैं। इस सीरीज में संगीत जगत की जानी-मानी हस्तियां अपनी रचनात्मक यात्रा, प्रेरणा और अनसुनी कहानियों को साझा करती हैं। लेटेस्ट एपिसोड में लोकप्रिय गायक शान नजर आए।
पॉडकास्ट में शान ने अपनी दिवंगत मां के साथ अपने रिश्ते और उनसे जुड़े एक खास रिचुअल के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि 2022 में मां को खोने के बाद वह हर शो से पहले प्रार्थना कर उनका आशीर्वाद लेते हैं।
शान ने कहा, "2022 में मां को खोने के बाद मैंने एक चीज महसूस की है कि मैं हर शो से पहले प्रार्थना करता हूं और उनका आशीर्वाद लेता हूं। हाल ही में एक-दो बार ऐसा हुआ जब मैं ऐसा करना भूल गया और वो शोज अच्छे नहीं गए। मेरे लिए यह बहुत जरूरी है।"उन्होंने कहा, "आप इसे अंधविश्वास कह सकते हैं या कुछ भी, लेकिन अगर मुझे लगता है कि मुझे उनका आशीर्वाद नहीं मिला है, तो शो अच्छा नहीं जाता। कई बार शो से पहले आखिरी वक्त की चीजों में इतना व्यस्त हो जाता हूं कि यह जरूरी रस्म करना भूल जाता हूं।"'गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज' के जरिए कोमल नाहटा भारतीय सिनेमा और संगीत जगत से जुड़ी हस्तियों के अनुभवों और अनसुनी कहानियों को दर्शकों के सामने ला रहे हैं। पॉडकास्ट का लेटेस्ट एपिसोड यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित