समस्तीपुर , अगस्त 22 -- पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के कोपरिया-धमारा घाट रेल खंड पर बौल्डर अनलोडिंग कार्य की वजह से 22, 23, 25, 26, 28 एवं 29 अगस्त को प्रतिदिन दो घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक किया जाएगा।

समस्तीपुर मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी आर.के. सिंह ने आज यहां बताया कि उक्त तिथियों में सुबह 07:45 बजे से 09:45 बजे तक 120 मिनट का ट्रैफिक ब्लॉक किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 63343 सहरसा-समस्तीपुर मेमू को सहरसा जंक्शन से कोपरिया के बीच 50 मिनट तथा गाड़ी संख्या 55566 समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन को समस्तीपुर जंक्शन से कोपरिया के बीच 50 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस को बनमनखी जंक्शन से अमृतसर जंक्शन के बीच 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।

जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि ब्लॉक की अवधि में ट्रेनों के परिवर्तित परिचालन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित