कोण्डागांव , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से सख्ती और जागरूकता की दिशा में अहम कदम उठाए हैं। एक ओर जहां जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से हेलमेट बैंक योजना की शुरुआत की है, वहीं दूसरी ओर परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाली यात्री बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की है।

जिला प्रशासन द्वारा नेशनल हाईवे-30 से लगे दुर्घटना संभावित 9 ग्राम पंचायतों-मस्सुकोकोड़ा, माड़ीआंगांव, लंजोड़ा, अनंतपुर, बड़ेराजपुर, बनियागांव, मसोरा, मर्दापाल और माकड़ी-में हेलमेट बैंक स्थापित किए गए हैं। इस योजना के तहत अब तक 120 से अधिक हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं और 400 से ज्यादा लोग इसका लाभ ले चुके हैं। बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों को इन केंद्रों से अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाता है, जिसके लिए पहचान पत्र या नाममात्र राशि जमा करनी होती है, जो हेलमेट लौटाने पर वापस कर दी जाती है।

जिला कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि हेलमेट पहनना जीवन सुरक्षा के लिए जरूरी है और इसे दैनिक आदत में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है।

वहीं, जिला परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में परिवहन उड़नदस्ता द्वारा 29 अप्रैल को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली 17 यात्री बसों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 23 हजार 500 रुपए का शमन शुल्क वसूला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित