कोण्डागांव , नवंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लोहे की दो धारदार तलवारें जब्त की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दो नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बम्हनी स्थित हाई स्कूल के पास दो युवक तलवार लहराकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में भय उत्पन्न कर रहे हैं। सूचना मिलने पर कोण्डागांव थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान तहसीलपारा निवासी शिवा शील (22) और भेलवापदर पारा निवासी गुलशन बघेल (24) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार तलवार बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

इस मामले में कोण्डागांव थाने में अपराध के तहत शस्त्र अधिनियम की धारा 25 में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित