बैतूल , सितंबर 29 -- युवाओं द्वारा नशीले पदार्थों के नए तरीके अपनाने की आशंका के बीच बैतूल में कोडीन घटक युक्त कफ सिरप और अन्य दवाओं की बिक्री को लेकर औषधि प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। औषधि निरीक्षक ने जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष और सचिव को पत्र लिखकर जिले में कोडीन युक्त दवाओं के क्रय-विक्रय का विस्तृत विवरण मांगा है।

औषधि निरीक्षक संगीता सरनकर ने बताया कि जिले में निरीक्षण के दौरान कोडीन घटक युक्त दवाओं का क्रय-विक्रय पाया गया है। इसके मद्देनजर थोक और खुदरा दवा विक्रेताओं से ऐसी दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित जानकारी एकत्रित करने के लिए संघ को पत्र भेजा गया है। इसमें एस्कोरिल-सी सिरप, कोडीस्टार-एनएफ सिरप सहित अन्य कोडीन घटक युक्त दवाओं का विवरण मांगा गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कोडीन युक्त दवाओं की बिक्री प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन इनकी बिक्री चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही की जा सकती है। विभाग का उद्देश्य जिले में इन दवाओं की उपलब्धता और बिक्री की स्थिति की जानकारी जुटाना है।

कोडीन फॉस्फेट ओपिओइड श्रेणी की दर्द निवारक और खांसी दबाने वाली दवा है। इसका चिकित्सकीय उपयोग दर्द और खांसी जैसी स्थितियों में किया जाता है। हालांकि, इसके गलत इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए ऐसी दवाओं की बिक्री नियंत्रित तरीके से की जाती है।

जानकारी के अनुसार कुछ मामलों में कोडीन युक्त दवाओं का गैर-चिकित्सकीय इस्तेमाल नशे के लिए किए जाने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए दवा विक्रेताओं से बिक्री संबंधी रिकॉर्ड मांगा गया है।

जिला औषधि विक्रेता संघ के सचिव सुनील सलूजा ने बताया कि जिले में कोडीन युक्त दवाओं की आवक कम मात्रा में है और इन्हें चिकित्सकीय पर्चे के आधार पर ही बेचा जाता है। संघ द्वारा मांगी गई जानकारी एकत्रित कर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित