विकाराबाद , मई 08 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को ऐलान किया कि राज्य सरकार कोडांगल को एक मॉडल निर्वाचन क्षेत्र और शिक्षा, उद्योग और सिंचाई विकास का एक प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कोडांगल में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के पुनर्निर्माण और अन्य विकास कार्यों की आधारशिला रखने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों के सहयोग से तेलंगाना तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि वह सरकार के विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन लगभग 18 घंटे काम कर रहे हैं।

श्री रेड्डी ने ऐलान किया कि कोडांगल में कई शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज, एक एडवांस्ड ट्रेनिंग सेंटर (एटीसी), एक नर्सिंग कॉलेज, एक पॉलिटेक्निक और एक सैनिक स्कूल शामिल हैं। उन्होंने इन शैक्षणिक केंद्रों के डेढ़ साल के भीतर पूरा होने की बात करते हुए कहा कि ये पूरे राज्य के छात्रों को आकर्षित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने लगचेरला में 2,300 एकड़ में फैले एक औद्योगिक पार्क के विकसित करने की बात करते हुए कहा कि हवाई अड्डे को सीधे कोडांगल से जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकाराबाद रेलवे लाइन का 90 प्रतिशत काम पहले ही पूरा हो चुका है और छह महीने के भीतर एक सीमेंट उद्योग का निर्माण शुरू हो जाएगा, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

श्री रेड्डी ने सिंचाई के मुद्दे पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस क्षेत्र में कृष्णा नदी का पानी लाने के लिए 'नारायणपेट-कोडांगल लिफ्ट सिंचाई योजना' को डेढ़ साल के भीतर पूरा करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराएगी और परियोजना के कार्यान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करेगी।

मुख्यमंत्री ने कोडांगल की पिछली स्थिति को याद करते हुए कहा कि इस क्षेत्र को कभी पानी की गंभीर कमी का सामना करना पड़ता था और यहां शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने बताया कि अब निर्वाचन क्षेत्र के हर 'तांडा' (बस्ती) और ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित