कोडरमा , अप्रैल 22 -- झारखंड के कोडरमा जिले में जयनगर थाना क्षेत्र के कंझियाडीह गांव में बीती रात हाथियों के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान बिहार के फतेहपुर गांव निवासी 32 वर्षीय राजकुमार मांझी और 12 वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कंझियाडीह स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हाथियों का झुंड अचानक पहुंच गया। हाथियों ने झोपड़ियों को तोड़ना शुरू कर दिया, जिससे लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक छोटा बच्चा झोपड़ी में फंस गया। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के लोग वापस वहां पहुंचे, लेकिन अफरा-तफरी के बीच बच्चा हाथियों के झुंड के पास पहुंच गया, जहां उसे कुचलकर मार डाला गया।
घटना इतनी भयावह थी कि शव के टुकड़े हो गए।
हमले में राजकुमार मांझी की पत्नी गौरी देवी, लवकुश की मां कारी देवी और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
वहीं, सतगावां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत स्थित कानीकेंद्र गांव में भी हाथियों ने एक मिट्टी का मकान ध्वस्त कर दिया और उसमें रखे अनाज को नष्ट कर दिया। हालांकि, उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बढ़ रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। पिछले एक महीने में जिले में हाथियों के हमले से करीब सात लोगों की मौत हो चुकी है। जयनगर, मरकच्चो और सतगावां समेत कई प्रखंड इससे प्रभावित हैं।
वहीं घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यशैली के प्रति भारी आक्रोश है और लोगों ने जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित