कोडरमा , फरवरी 28 -- झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के कोसमाडीह में शनिवार की संध्या गांव के पास स्थित खोंडा आहार में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई।
मृतकों में नौ वर्षीय प्रियांशु कुमारी, पिता प्रदीप शर्मा, सात वर्षीय रोहित शर्मा पिता मुकेश शर्मा और नौ वर्षीय संध्या कुमारी पिता धर्मवीर यादव शामिल हैं। तीनों बच्चे कोसमाडीह, जयनगर के निवासी थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे लगभग दोपहर तीन बजे अपने घर से नहाने के लिए निकले थे। जब वे लंबे समय तक घर नहीं लौटे, तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की।
खोजबीन के दौरान बगल के खोंडा आहार में एक बच्चे का शव पानी की सतह पर मिला। घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में फैलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। तीनों बच्चों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। इनके स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गम का माहौल है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोग इस त्रासदी से गहरे सदमे में हैं। इधर शाम को सीओ सांराश जैन ने मृतकों के स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित