रांची , जुलाई 07 -- झारखंड के कोडरमा जिले के मेघातरी क्षेत्र स्थित कोडरमा घाटी में देर रात दूध से लदे एक टैंकर और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हो गई।

हादसे में घायल टैंकर के उपचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के झुंडो गांव निवासी 28 वर्षीय सिंटू कुमार पिता- श्याम सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल चालक की पहचान नीलेश कुमार के रूप में हुई है। एक अन्य व्यक्ति प्रफुल कुमार के भी घायल होने की सूचना है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि दूध से लदा टैंकर कोडरमा के रास्ते बिहार जा रहा था। इसी दौरान मेघातरी घाटी में आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टैंकर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व उपचालक केबिन में फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को केबिन से बाहर निकालकर सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान उपचालक सिंटू कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल चालक का इलाज जारी है।

हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम समाप्त कराया और यातायात सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित