जयपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर सुनील कोठारी ने मंगलवार को शहर में सड़क के किनारे कचरे का ढेर देखकर रुके और मौके पर खड़े रहकर साफ-सफाई कराई।

श्री कोठारी एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्याधर नगर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे कचरे का ढेर देखकर उन्होंने तत्काल संज्ञान लिया और अपना वाहन रुकवाकर मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित उपायुक्त को फोन कर सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर जेसीबी, डंपर और अन्य संसाधनों की सहायता से कचरे के ढेर की सफाई करवाई। जिस स्थान पर कचरा एकत्रित होने से डिपो जैसी स्थिति बन गई थी, वहां तत्काल सफाई करवाकर कचरे को हटाया गया।

नगर निगम ने आमजन से अपील की कि वे सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित कर स्वच्छ जयपुर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

उल्लेखनीय है कि महापौर ने हाल में जयपुर को साफ सुथरा रखने के लिए सौ दिवसीय कार्ययोजना की शुरुआत की थी जयपुर को शीघ्र ही स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प व्यक्त किया था और आज रास्ते में रुककर मौके पर खड़े रहकर जिस तरह सफाई कराई गई उससे उनके संकल्प को मजबूती मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित