जयपुर , नवंबर 04 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से आए सात सदस्यीय पार्षद प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर महापौर कोठारी और उपमहापौर सरोज कंवर ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

बैठक में भुवनेश्वर की उपमहापौर मंजुलता साहू के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने अपने नगर निगम की कार्यप्रणाली साझा की और शहरी प्रबंधन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया।

वहीं, महापौर सुनील कोठारी ने भुवनेश्वर के दल को जयपुर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों, कचरा पृथक्करण, सीवरेज प्रबंधन, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और नगरीय विकास कर संग्रहण की आधुनिक प्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत जयपुर में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी दी।

इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, वित्तीय सलाहकार तथा उपायुक्त (स्वास्थ्य) ओम थानवी भी उपस्थित रहे।

भुवनेश्वर के प्रतिनिधिमंडल में उपमहापौर मंजुलता साहू के अलावा पार्षद रामचंद्र, अपारूपा, जशोधरा प्रधान, सुचित्रा पात्रा, लक्ष्मीप्रिया और गीतांजलि साहू शामिल थीं। दल के सदस्यों ने जयपुर के स्वच्छता मॉडल और शहरी विकास की पहलों की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित