कोटा , मार्च 09 -- राजस्थान में कोटा- बूंदी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण की आधारशिला रखने के साथ ही इसे तय समय में पूर्ण कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर गंभीर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इसी क्रम में सोमवार को संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई। इसमें निर्देश दिए गए की हवाई अड्डे निर्माण संबंधी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं। इससे संबंधित कार्य तय समय पर ही पूर्ण किए जाएं, यह सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि समयासीमा के अनुसार निर्धारित कार्यों की प्रति तीन महीने में समीक्षा की जाएगी। उन्होंने हवाई अड्डे के निर्माण से जुड़े विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन कार्यों को गतिपूर्वक पूर्ण किया जाए। बैठक में हवाई अड्डे की भूमि पर पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति एवं 11 केवी विद्युत लाइन स्थानांतरण, मुआवजा, हवाई अड्डे के बाहर जल निकास व्यवस्था इत्यादि के संबंध में विस्तार से चर्चा करके अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित