कोटा , मई 27 -- राजस्थान के कोटा में कोटा स्कूल ऑफ ड्रामा की ओर से आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क नाट्य कार्यशाला में विद्यार्थियों और स्थानीय कला प्रेमियों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
संस्था की अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि कार्यशाला में हर आयु वर्ग के प्रतिभागी बढ़-चढ़कर शामिल हो रहे हैं और रंगमंच और अभिनय से जुड़े तकनीकी पहलुओं को सीख रहे हैं। सुश्री अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला का संचालन विवेक शर्मा 'डिम्पल' एवं फिल्म जगत से जुड़े अनुभवी कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान विद्यार्थियों को थियेटर और स्क्रीन के अनुकूल तैयार करने के लिए विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से नुक्कड़ नाटक, आवाज में उतार चढ़ाव, मंच शिल्प, कैमरा अभिनय शामिल हैं।
संस्था के संस्थापक सदस्य देवेंद्र गौतम ने बताया कि कार्यशाला के समापन पर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से एक वृहद स्तर पर सांस्कृतिक मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, भव्य नाट्य प्रस्तुति एवं एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त सभी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सीधा अवसर मिलेगा। कार्यशाला के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित कलाकारों को एक लघु फिल्म में अभिनय करने का सुनहरा अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित