नयी दिल्ली , जून 18 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि राजस्थान के कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिए शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की उन्होंने बुधवार को जो नयी शुरुआत की है वह रुकने वाली नहीं है और इस अभियान को वह अब पूरे देश तक पहुंचायेंगे।
श्री गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "कोटा, आप कमाल थे। यकीन मानिए, कल हमने मिलकर इतिहास की शुरुआत की।"उन्होंने कहा "कार्यक्रम में हजारों छात्र मौजूद थे और लाखों लोगों ने इसे ऑनलाइन देखा, जिससे देश को पहली बार खुलकर यह पता चला कि शिक्षा के नाम पर किस तरह की भारी वसूली की जा रही है।"कांग्रेस नेता ने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है और कोटा में जली इस लौ को अब पूरे देश में बदलाव की मशाल बनाना है। उन्होंने कहा कि इस सफर में छात्रों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने लोगों से अपने सुझाव भेजने तथा 'छात्रों की गूंज' अभियान से जुड़ी याचिका पर हस्ताक्षर करने की भी अपील की।
गौरतलब है कि श्री गांधी ने बुधवार को कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक, कोचिंग संस्थानों की ऊंची फीस और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर छात्रों के साथ संवाद किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित