जयपुर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को कोटा शहर में नान्ता थाने की बड़गांव चौकी पर तैनात कांस्टेबल अभय सिंह को दो हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

एसीबी के अनुसार ब्यूरो की कोटा इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई कि एक डम्पर द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मार देने और मोटरसाइकिल के परिवादी की कार से टकराने के बाद उत्पन्न विवाद के संबंध में डम्पर मालिक द्वारा परिवादी के विरुद्ध थाना नान्ता में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी, जिसकी जांच थाना नान्ता की बड़गांव चौकी पर तैनात कांस्टेबल अभय सिंह द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि कांस्टेबल द्वारा परिवादी को इस प्रकरण में झूठा फंसाने की धमकी देकर रिश्वत राशि की मांग की जा रही थी।

इस शिकायत पर रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 700 रुपये रिश्वत राशि प्राप्त करना तथा शेष दो हजार रुपये रिश्वत राशि बाद में लेने की मांग करना पाया गया। इसके बाद की गई ट्रेप कार्यवाही के दौरान आरोपी कांस्टेबल अभय सिंह को बड़गांव चौकी पर परिवादी से दो हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित