कोटा , अक्टूबर 19 -- राजस्थान में कोटा में 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले के तहत रावण दहन कार्यक्रम 20 अक्टूबर को होगा।
आयोजन समिति के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम कृष्ण बिरला होंगे। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति धारीवाल, संदीप शर्मा एवं श्रीमती कल्पना देवी भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने पत्रकारों को बताया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप इस वर्ष रावण को पूर्व के स्वरूप में तैयार किया गया है। रावण परिवार की दिशा भी वास्तु के अनुरूप रखी गई है। इस वर्ष रावण की ऊंचाई 105 फुट है, लेकिन रावण एवं उसके परिवार की वेशभूषा और दहन के दौरान होने वाली आतिशबाजी का और अधिक आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह पहली बार है कि रावण परिवार के पुतले मैदान में दहन से पांच दिन पहले आ गये हैं। अब तक हजारों कोटावासी इन पुतलों को देखने के लिए दशहरा मैदान आ चुके हैं। रावण दहन से पूर्व मेला प्रांगण में उपस्थित जनता के मनोरंजन के लिए पहली बार राजस्थानी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार मधु भाट प्रस्तुति देंगी। इसके लिए विजयश्री रंगमंच के पास अलग से मंच तैयार किया गया है।
गोस्वामी ने बताया कि विजयश्री रंगमंच पर नियमित कार्यक्रमों का सिलसिला 22 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। सिंधी कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक रॉकस्टार नील प्रस्तुति देंगे, 23 अक्टूबर को पर्यटन विभाग का कार्यक्रम होगा, 24 अक्टूबर को एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक कलाकार सुरेश वाडकऱ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 25 अक्टूबर को तृप्ति शाक्य की भजन संध्या का आयोजन होगा, 26 अक्टूबर को कोटा के लाइक माइन्डेड ग्रुप द्वारा एक शाम पुराने गीतों के नाम आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन 27 अक्टूबर को होगा। जिसमें मशहूर कवि सत्यनारायण सत्तन, जगदीश सोलंकी, शशिकांत यादव, अंजुम रहबर, कविता तिवारी, चेतन चर्चित, विनीत चौहान, विष्णु सक्सेना और सुंदर कटारिया उपस्थित रहेंगे।
गोस्वामी ने बताया कि 28 अक्टूबर को लाफ्टर शो में प्रसिद्ध हास्य कलाकार विकल्प मेहता और सिद्धार्थ सागर दर्शकों को खूब हंसाएंगे। राजस्थान कवि सम्मेलन 29 अक्टूबर को होगा, 30 अक्टूबर को बालिका वर्ग का बाल प्रतिभा कार्यक्रम भाग-1 आयोजित किया जाएगा। भोजपुरी कार्यक्रम 31 अक्टूबर को होगा जिसमें गोलू राजा और नेहा सिंह धमाल मचाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित