कोटा , सितम्बर 10 -- राजस्थान में कोटा जिले के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मुकुंदरा हिल्स बाघ अभयारण्य के नीचे बनी दोनों सुरंगों में बुधवार को शाम से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गयी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पांच किलोमीटर लंबी सुरंग के दोनों मार्ग चालू होने से एक्सप्रेस वे का यह महत्वपूर्ण हिस्सा अब निर्बाध रूप से जुड़ गया है। दूसरी सुरंग के शुरू होने के बाद दिल्ली, कोटा, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एक्सप्रेस वे से नीचे उतरने की जरूरत नहीं रहेगी।
यह सुरंग मुकुंदरा बाघ अभयारण्य के करीब 60 मीटर नीचे बनाई गई है। इसके ऊपर वन्यजीवों का प्राकृतिक आवागमन जारी रहता है, जबकि नीचे एक्सप्रेसवे का यातायात गुजरता है। परियोजना को वन्यजीव संरक्षण और आधुनिक सड़क निर्माण के संतुलन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस सुरंग के शुरू होने से दरा घाटी के पुराने मार्ग पर यातायात का दबाव और यातायात अवरुद्ध कम होने की उम्मीद है। हालांकि, सुरंग में मानसून के दौरान पानी भरने की घटना के बाद जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे थे। अगस्त में पानी निकालने के बाद यातायात बहाल किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित