कोटा , जून 17 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कोटा में प्रसूताओं की मौत प्रकरण में राज्य सरकार को पूरी जिम्मेदारी लेकर पीड़ितों को सरकारी मदद देना और इस मामले की रिपोर्ट को साझा करनी चाहिए।
श्री गहलोत ने कोटा मेडिकल कालेज में भर्ती प्रसूताओं की कुशलक्षेम पूछने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में यह मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि इस मामले में एम्स की या राज्य सरकार की जो रिपोर्ट आयी है, उन रिपोर्टों को साझा करना चाहिए कि यह स्थिति बनी हुई है और हम इसमें यह कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो स्थिति बनी है, वह बनी क्यों और सरकारी अस्पताल में बनी है तो सरकार को इसकी पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, " हम भी अब मुख्यमंत्री को पूरी रिपोर्ट बना कर भेजेंगे कि हमने हालात देखे और आप खुद इसे गंभीरता से लेकर इसमें शीघ्र कुछ इमदाद भी करो।"उन्होंने कहा कि यह तो बहुत दुखद बात है और यह कोई मामूली मामला नहीं है। किन कारणों से प्रसव के बाद में यह स्थिति बनी है, यह बताने के लिए कोई तैयार नहीं है। डॉक्टर भी कहते हैं हमें नहीं मालूम। टीमें आई हैं, एम्स की भी आई हैं और राज्य सरकार की भी आई है।
उन्होंने कहा कि टीमें आने का वह स्वागत करते है, लेकिन उनकी रिपोर्ट क्या है, यह यहां के डॉक्टरों को मालूम नहीं है और यह स्थिति इतनी गंभीर है, ऐसी बातें लोगों से भी शेयर करनी चाहिए कि कुछ कमी रह गयी थी दवा, इलाज एवं देखभाल में। यह नौबत क्यों आयी।
श्री गहलोत ने कहा कि अब सरकार को यहां जो महिलाएं प्रसव के लिए आ रही हैं, उनको और उनके परिजनों को चिंतामुक्त करने के लिए विश्वास दिलाया जाना चाहिए कि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति नहीं बनेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित