जयपुर , मई 12 -- राजस्थान में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने कोटा में प्रसूताओं की मौत पर गहरा दुःख जताते हुए इस दुखांतिका की न्यायिक जांच की राज्य सरकार से मांग की है।

श्री जूली ने मंगलवार को अपने बयान में यह मांग की। उन्होंने प्रसूताओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता करार देते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती है।

उन्होंने इस पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इन मौतों का जिम्मेदार कौन है। कोटा में प्रसूताओं की असामयिक मृत्यु की खबर बेहद दुखद है, जो केवल एक चिकित्सा विफलता नहीं, बल्कि प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की एक बड़ी त्रासदी है। एक मां का दुनिया छोड़ जाना पूरे परिवार के भविष्य को अंधकार में धकेल देता है।

श्री जूली ने सरकार से मांग की कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए ताकि दोषियों को सजा और पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित