कोटा , अक्टूबर 16 -- राजस्थान में कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में शनिवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक ट्रैवलर बस के पुलिया से गिरने से आठ लोगों की मौत हो गयी और 17 यात्री घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसे के शिकार सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के थे। उन्होंने बताया कि ट्रैवलर बस भोपाल से राजस्थान में धामिर्क स्थल खाटूश्यामजी जा रही थी। बस में 25 से अधिक यात्री थे। सुबह करीब छह बजे कोटा से 35 किलोमीटर दूर कराडिय़ा टोल के पास चालक को झपकी आ गयी जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोडते हुए पुलिया के बीच 15 फुट नीचे नाले में गिर गयी। बस के गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बस से सभी यात्रियों को निकाला। इसमें चालक सहित सात लोगों की मौत हो गयीई जबकि 17 यात्री घायल हो गये। एक घायल ने अस्पताल में दम तोडा।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू शामिल हैं जबकि घायलों में वंदिता, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।

इस बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात करके उनकी कुशलक्षेम जानी और ढांढस बंधाया। श्री बिरला ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिये। उन्होंने एक विशेष जांच समिति गठित करने के निर्देश दिये। इस समिति की रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर हादसे पर दुख जताया और घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताते हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित