कोटा , अगस्त 29 -- राजस्थान सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कोटा और बून्दी जिलों में तीन-तीन नये उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कोटा जिले में सांगोद पंचायत समिति के हरिपुरा मांझी, लाडपुरा पंचायत समिति के बावड़ी खेड़ा और कलम का कुआं में उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जायेंगे। वहीं, बून्दी जिले में मंगाल पंचायत जे गरनारा, नीम का खेड़ा पंचायत के मेघारावत की झोपड़िया और गरड़दा पंचायत के केवड़िया गाँव में नये उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित होंगे।

सूत्रों ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का पद सृजित किया गया है। भवन बनने तक केंद्र गांव में उपलब्ध राजकीय या दानदाता के भवन में संचालित किये जा सकेंगे। ऐसी व्यवस्था नहीं होने पर किराये के भवन में भी केंद्र चलाये जायेंगे। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित