कोटा , सितंबर 16 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत नगर निगम कोटा के वार्ड संख्या 87 की बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 की बूथ संख्या 448 एवं वार्ड संख्या 11 की बूथ संख्या 576 और कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के वार्ड संख्या चार के बूथ पांच पर बुधवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया के अनुसार सायं छह बजे तक नगर निगम कोटा के तीनों वार्डों के तीनों बूथों पर 76.71 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान वार्ड संख्या 44 के बूथ 448 पर सर्वाधिक 81.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी तरह वार्ड 87 के बूथ संख्या 99 पर 79.02 एवं वार्ड 11 के बूथ 576 पर 67.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया।

कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के वार्ड संख्या चार में बूथ पांच पर 77. 15 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। पुनर्मतदान की मतगणना गुरुवार को प्रातः आठ बजे से कलेक्ट्रेट स्थित टैगोर हॉल में की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित