कोटा , मई 02 -- राजस्थान में कोटा जिले के लाडपुरा पंचायत समिति की बनियानी ग्राम पंचायत के निवर्तमान सरपंच हाल प्रशासक मोइजुद्दीन को पद से हटा दिया गया हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने सफाई कार्यो से संबंधित प्रकरण की जांच रिपोर्ट में श्री मोइजुद्दीन को दोषी मानते हुए पदमुक्त करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत बनियानी के वर्ष 2021 से 2026 तक के सफाई कार्यो से संबंधित प्रकरण की जांच रिपोर्ट विकास अधिकारी पंचायत समिति लाडपुरा द्वारा विभाग को प्रेषित की गई थी। प्राप्त जांच रिपोर्ट में श्री मोइजुद्दीन दोषी पाए गए हैं। जिला परिषद कोटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने भी उन्हें दोषी मानते हुए पद मुक्त करने की सिफारिश की थी।
इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा मोइजुद्दीन को ग्राम पंचायत बनियानी के प्रशासक पद से पद मुक्त किए जाने का विनिश्चय करते हुए पद मुक्त करने का आदेश जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित