उज्जैन , जून 15 -- यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने कोटा और उज्जैन के मध्य नियमित मेमू रेल सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया ने नागदा रेलवे स्टेशन पर मेमू रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, यात्री तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 61624 कोटा-उज्जैन मेमू प्रतिदिन कोटा से प्रातः 5:40 बजे प्रस्थान करेगी और नागदा, भाटीसुड़ा, पिपलोदा बागला, उन्हेल, पलसोडा मकडावन, असलावदा तथा नईखेड़ी स्टेशनों पर ठहरते हुए दोपहर 12 बजे उज्जैन पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन-कोटा मेमू प्रतिदिन उज्जैन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और नईखेड़ी, असलावदा, पलसोडा मकडावन, उन्हेल, पिपलोदा बागला, भाटीसुड़ा तथा नागदा स्टेशनों से होते हुए शाम 7:05 बजे कोटा पहुंचेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस नई रेल सेवा से कोटा, नागदा, उज्जैन तथा मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा तथा दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित