पौड़ी गढ़वाल , मार्च 30 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार में देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर पौड़ी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ निरंतर और कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधिकारी ने आज बताया इसी दिशा में कलालघाटी चौकी की पुलिस टीम ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए दिन-रात सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वाले 15 व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मौके पर ही संबंधित व्यक्तियों को समझाते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और हुड़दंग करना न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि इससे आम जनता को असुविधा होती है और क्षेत्र की शांति भंग होती है। ऐसे कृत्यों के खिलाफ आगे भी निरंतर अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित