पौड़ी , मई 06 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बाल विवाह रोकथाम एवं बाल अधिकार संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को आर्य कन्या इंटर कॉलेज, कोटद्वार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल कल्याण समिति तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन एवं जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006, पॉक्सो एक्ट-2012, किशोर न्याय अधिनियम-2015, बाल अधिकारों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान राकेश चंद्रा बिड़लिया, कपिल रतूड़ी, अभिषेक नेगी, शकुंतला नयाल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी संदीप बिष्ट ने छात्राओं को कानूनों, सुरक्षा सेवाओं और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य में बाधा बनता है।

इस अवसर पर छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न, बाल विवाह अथवा बाल श्रम की स्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित