पौड़ी , अक्टूबर 30 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के भाबर क्षेत्र स्थित जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गयी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े दो लोग अचानक विशालकाय पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में हल्दूखाता निवासी 55 वर्षीय विक्रम उर्फ खटमल पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि किशनपुर निवासी 45 वर्षीय दलीप पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आज सुबह क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ बारिश हो रही थी। इसी दौरान दोनों व्यक्ति बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के समीप खड़े थे। तभी अचानक एक विशाल पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से दोनों पेड़ के नीचे दब गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित