पौड़ी , मई 20 -- उत्तराखंड के कोटद्वार में विक्रम वाहन में सफर कर रही महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले बाबरिया गैंग के दो शातिर आरोपियों को पौड़ी पुलिस ने हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग समेत कई मामले दर्ज होने का खुलासा हुआ है। इस मामले में एक महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि नौ मई को वह विक्रम वाहन से घमण्डपुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनके पास बैठे कुछ अज्ञात व्यक्तियों और महिलाओं ने बातचीत एवं धक्का-मुक्की के बहाने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल से लेकर विभिन्न मार्गों और चौराहों पर लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदिग्ध वाहन को चिन्हित किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात पानीपत, हरियाणा से आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश और उसकी साथी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाबरिया जाति से संबंध रखते हैं और महिलाओं के पहने सोने के आभूषण चोरी करने के उद्देश्य से कोटद्वार आए थे। सिद्धबली मंदिर की ओर जाते समय लालबत्ती चौक के पास उनकी नजर एक महिला की सोने की चेन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत आरोपी राजेन्द्र कार से उतर गया, जबकि मुस्कान और बबीता विक्रम वाहन में महिला के पास बैठ गईं। दोनों महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर महिला के गले से चेन चोरी कर ली और बाद में सभी आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की गई चेन को पानीपत में करीब 80 हजार रुपये में बेच दिया गया था और रकम आपस में बांट ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 हजार 500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त सिल्वर रंग की कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ थाना सेक्टर-29 पानीपत में लूट, चेन स्नैचिंग समेत 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी बबीता और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित