कोटद्वार , जुलाई 19 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत कोटद्वार के दुर्गापुर में रविवार को कारगिल विजय की याद में स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण की ओर से भव्य वीर सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सभी ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय साहस, शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस दौरान, श्रीमती भूषण ने अपने सबोधन में कहा कि कारगिल के वीरों का शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा, "मैं एक सैनिक की बेटी हूं। बचपन से ही मैंने अपने पिता से अनुशासन, राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के संस्कार प्राप्त किए हैं। सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग, समर्पण एवं संघर्ष को मैंने बहुत निकट से देखा और समझा है। इसलिए पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और शहीद परिवारों का सम्मान मेरे लिए केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि गर्व, सम्मान और भावनात्मक दायित्व का विषय है।"श्रीमती भूषण ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने प्रत्येक युद्ध में अदम्य पराक्रम का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सैनिकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। पूर्व सैनिकों का अनुभव समाज और युवा पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है तथा ऐसे सम्मान समारोह युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव जागृत करने का सशक्त माध्यम हैं।

मुख्य अतिथि सतपाल महाराज ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, अनुशासन और पराक्रम का प्रतीक है। उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं से सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना की अद्वितीय वीरता, शौर्य और साहस का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सैनिकों का सम्मान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के प्रति हमारी कृतज्ञता की सच्ची अभिव्यक्ति है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल जीएस नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट गढ़वाली, मेयर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत, कर्नल जेपी ध्यानी, दर्जाधारी राज्य मंत्री राजेन्द्र अंथवाल, इफको चेयरमैन उमेश त्रिपाठी, सुमन कोटनाला, विपिन कैंथोला, विकासदीप मित्तल, प्रेम खंतवाल, आशीष रावत, प्रदीप बलूनी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैनिक परिवार, जनप्रतिनिधि, एवं नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित